कुलदीप बिश्नोई के बेटे चैतन्य बिश्नोई राजनीति नहीं क्रिकेट की पिच पर करेंगे बैटिंग, LA नाइट राइडर्स से जुड़े, पांच जुलाई से शुरू होगा टूर्नामेंट
कुलदीप बिश्नोई के बेटे और चैतन्य बिश्नोई अमेरिका में क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। चैतन्य बिश्नोई अमेरिका की घरेलु क्रिकेट का हिस्सा बन गए हैं। चैतन्य अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट में खेलेंगे। आपको बता दें कि मेजर लीग क्रिकेट का ड्राफ्ट पूरा हो गया है। इस क्रिकेट लीग में कई भारतीय खिलाड़ी भी खेलेंगे जिसमें चैतन्य बिश्नोई भी एक हैं।
चौधरी भजन लाल के पोते चैतन्य बिश्नोई LA नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 5 जुलाई को होने जा रही है। जिसमें LA नाइट राइडर्स की टीम क्वालिफाइंग से पहले 6 मैच खेलेगी। यहां आपको बता दें कि चैतन्य कुलदीप बिश्नोई के छोटे बेटे हैं।

चैतन्य बिश्नोई ने 2023-14 के सत्र के दौरान इंग्लैंड में डरहम यूनिवर्सिटी के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। चैतन्य मुख्य रूप से एक बल्लेबाज हैं लेकिन जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी भी करते हैं।
कहा जाता है कि कुलदीप बिश्नोई खुद क्रिकेटर बनना चाहते थे लेकिन उन्हें अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें क्रिकेट की पिच छोड़ राजनीति की पिच पर आकर खेलना पड़ा और आज की तारीख में वो अच्छे राजनीतिक खिलाड़ी बन गए हैं। अब कुलदीप बिश्नोई की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके बड़े बेटे भव्य बिश्नोई विधायक बन चुके हैं। और पिता पुत्र साथ मिलकर अपनी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। तो वहीं चैतन्य बिश्नोई को क्रिकेटर बनता देख जरूर कुलदीप बिश्नोई को अपना सपना पूरा होता हुआ दिख रहा होगा।

आपको बता दें कि अमेरिका का मेजर लीग क्रिकेट जो पांच जुलाई को शुरू हो रहा है 28 जुलाई तक चलेगा। इसमें 6 टीमें हिस्सा लेंगे। ये लीग अमेरिका के टेक्सास और उत्तरी कैरोलिना में होगी।
ये क्रिकेट लीग टी-20 फॉर्मेट में खेली जा रही है। और आईपीएल की तरह ही है। इसका पहला संस्करण बीते साल आयोजित किया गया था। जिसमें MI न्यूयॉर्क की टीम चैंपियन रही थी।
चैतन्य बिश्नोई की टीम के मैच 6 जुलाई, 8 जुलाई, 10 जुलाई, 14 जुलाई, 18 जुलाई और 22 जुलाई को खेले जाएंगे।